राज्य के नालंदा जिले से हैरान करने वाली खबर है। यहां एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक अपनी प्रेमिका से पैसे लेकर पार्टी करने गया था। दूसरे दिन युवक का शव संदिग्ध हालात में मिला। अब इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि लिखित आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के बाराबीघा गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक युवक की संदिग्ध मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान नूरसराय थाना क्षेत्र के बाराबीघा गांव निवासी धर्मेंद्र पासवान के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक धर्मेंद्र चेन्नई में रहकर काम करता था और पिछले कुछ दिनों से गांव में ही रह रहा था। इसी दौरान दूसरे गांव की एक युवती से उसके प्रेम संबंध होने की बात सामने आई थी।
परिजनों के अनुसार घटना की शाम धर्मेंद्र अपनी प्रेमिका से करीब पांच सौ रुपये लेकर दोस्तों के साथ पार्टी करने चला गया था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। पूरी रात खोजबीन के बाद सुबह धर्मेंद्र की मौत की खबर मिली। परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या की गई है। उनका यह भी आरोप है कि पहले गला दबाकर उसे अधमरा किया गया और इसके बाद फांसी के फंदे से लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। हालांकि परिजनों ने यह भी बताया कि घटना की शाम धर्मेंद्र का घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह दोस्तों के साथ पार्टी करने चला गया था। अब युवक की मौत के पीछे प्रेम प्रसंग है या घरेलू विवाद, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
वहीं इस पूरे मामले पर नूरसराय थानाध्यक्ष ने फोन पर बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी।
नालंदा से मिथुन की रिपोर्ट