नालंदा के बिहारशरीफ में सनकी पति की हैवानियत का मामला सामने आया है। लहेरी थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी मोहल्ले में मामूली विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी की हथौड़ी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान रेखा कुमारी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति सौरभ कुमार बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी हृदयकांत मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। एसपी ने बताया कि रेखा कुमारी ने करीब एक साल पहले सौरभ कुमार से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों बड़ी पहाड़ी में रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि रेखा एक दिन पहले ही पंजाब से बिहारशरीफ आई थी। देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में पति सौरभ ने हथौड़ी से पत्नी रेखा के सिर और शरीर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक रेखा आर्केस्ट्रा में काम करती थी और उसकी मुलाकात सौरभ से राजगीर में हुई थी। पति द्वारा पहले दबाकर अधमरा करने के बाद हथौड़ी से पीट पीट कर हत्या कर दिया। फिलहाल पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया है।
वहीं, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट