नालंदा से जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने गिरियक प्रखंड के पावा, जुनेदी, घोसरावां और दुर्गापुर गांव में सांसद मद से करीब 19 लाख रुपये की लागत से पूरी हुई चार योजनाओं का उद्घाटन किया। यूसीसी बिल को लेकर सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि अगर यूनिफॉर्म सिविल कोड बिहार के हित में है, तो पार्टी बैठक कर इस पर विचार करेगी।
उन्होंने कहा कि यूसीसी को लेकर पहले संसद में चर्चा होगी। केंद्र में पार्टी इस मुद्दे पर साथ है, लेकिन बिहार में लागू करने से पहले इसके फायदे और नुकसान पर चर्चा जरूरी है। सांसद ने कहा कि अगर यूसीसी से बिहार को कोई नुकसान नहीं होता और यह राज्य के हित में है, तो जरूरत पड़ने पर संशोधन लाकर इसे लागू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कानून में संशोधन करना संसद का अधिकार है।
वहीं राजद की ओर से जेडीयू को दिए जा रहे कथित ऑफर पर कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि अगर राजद यूसीसी के बहाने सत्ता में आने की सोच रही है तो ऐसा नहीं होगा। उन्होंने साफ कहा कि जेडीयू राजद के साथ नहीं जाना चाहती, इसलिए ऑफर देने का कोई फायदा नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए मजबूत है और जेडीयू मजबूती के साथ एनडीए के साथ है।
नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट