राजगीर ग्लास ब्रिज पर अब पांच साल के बच्चे भी कर सकेंगे सैर, 250 फुट की ऊंचाई पर रोमांचक अनुभव

राजगीर की नेचर सफारी में स्थित विश्व प्रसिद्ध ग्लास ब्रिज पर घूमने का आनंद अब पांच वर्ष या उससे अधिक उम्र के बच्चे भी उठा सकेंगे। सुरक्षा कारणों से छोटे बच्चों के प्रवेश पर लगाया गया प्रतिबंध सुरक्षा ऑडिट के बाद हटा लिया गया है।

नालंदा/राजगीर: राजगीर की नेचर सफारी में स्थित विश्व प्रसिद्ध ग्लास ब्रिज पर घूमने का आनंद अब पांच वर्ष या उससे अधिक उम्र के बच्चे भी उठा सकेंगे। सुरक्षा कारणों से छोटे बच्चों के प्रवेश पर लगाया गया प्रतिबंध सुरक्षा ऑडिट के बाद हटा लिया गया है। वन विभाग ने ब्रिज की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी खामियों को दुरुस्त कर बच्चों के प्रवेश की अनुमति दी है।

इससे राजगीर घूमने आने वाले परिवारों, खासकर छोटे बच्चों के साथ पर्यटन पर जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। सूबे की सम्राट सरकार पर्यटकों को हर संभव सुविधाएं मुहैया कराने के लिए पूरी तरह से तत्पर है। इसी क्रम में राजगीर पर्यटक केंद्र को हर तरह से सुविधा संपन्न बनाते हुए पर्यटकों के लिए तमाम सुविधाएं मुहैया कराने पर निरंतर ध्यान दिया जा रहा है।

250 फुट की ऊंचाई पर रोमांचक अनुभव

राजगीर की पहाड़ियों और हरी-भरी वादियों के बीच बना ग्लास ब्रिज पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण है। करीब 85 फुट लंबे और छह फुट चौड़े इस ब्रिज की ऊंचाई लगभग 250 फुट है। पारदर्शी शीशे पर चलते हुए पर्यटकों को नीचे की घाटियों, पहाड़ियों और प्राकृतिक सुंदरता का अद्भुत नजारा दिखाई देता है। यह अनुभव रोमांच के साथ पर्यटकों को प्रकृति के करीब होने का एहसास भी कराता है।

300 रुपये है नेचर सफारी का टिकट

नेचर सफारी पैकेज का टिकट वयस्कों के लिए 300 रुपये और बच्चों के लिए 150 रुपये निर्धारित है। ग्लास ब्रिज वॉक के लिए अलग से 300 रुपये का शुल्क भी सूचीबद्ध है। इसके अतिरिक्त पर्यटकों के लिए 2000 रुपये का प्रायोरिटी पैकेज भी उपलब्ध है, जिसमें वयस्कों के लिए 2000 और बच्चों के लिए 1000 रुपये शुल्क निर्धारित है। इस पैकेज में जू सफारी, नेचर सफारी, ग्लास ब्रिज और कई अन्य गतिविधियां शामिल है।

परिवार और बच्चों को मिलेगा फायदा

पांच साल के बच्चों को प्रवेश की अनुमति मिलने से अब माता-पिता अपने पूरे परिवार के साथ इस रोमांचक पर्यटन स्थल का आनंद ले सकेंगे। पहले छोटे बच्चों को साथ लेकर आने वाले परिवारों को ग्लास ब्रिज का अनुभव लेने में परेशानी होती थी। अब इस प्रतिबंध के हटने से पारिवारिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बच्चों के लिए यह अनुभव मनोरंजन के साथ साहसिक गतिविधियों को करीब से जानने का अवसर भी बनेगा।

नेचर सफारी में हैं कई आकर्षण

ग्लास ब्रिज के अलावा नेचर सफारी में सस्पेंशन ब्रिज, जिपलाइन, स्काई बाइकिंग, तितली पार्क, कैक्टस गार्डन, औषधीय पौधों का उद्यान और बच्चों के लिए पार्क जैसी सुविधाएं है। यहां पर्यटक प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने के साथ कई रोमांचक गतिविधियों का आनंद ले सकते है। इससे एक ही स्थान पर परिवार के अलग-अलग उम्र के सदस्यों के लिए मनोरंजन के विकल्प उपलब्ध होते है।