नालंदा में जमीन विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। दीपनगर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में जमीन को लेकर चल रहे विवाद के दौरान पुलिस की मौजूदगी में एक युवक को गोली मार दी गई। गोली लगने से युवक घायल हो गया। घायल युवक की पहचान कल्याणपुर गांव निवासी गणेश यादव के पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है।
घायल के पिता गणेश यादव ने बताया कि उन्होंने दो वर्ष पहले दारोगा बीघा निवासी सुहावन सिंह से छह कट्ठा जमीन खरीदी थी। उनका आरोप है कि उसमें चार कट्ठा जमीन सही थी, जबकि दो कट्ठा जमीन किसी अन्य व्यक्ति की रजिस्ट्री कर दी गई थी। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
मंगलवार को जब रौशन कुमार विवादित जमीन जोतने पहुंचा तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। सूचना मिलने पर दीपनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही सुहावन सिंह के पुत्र शिशुपाल सिंह ने देसी कट्टे से रौशन कुमार पर फायरिंग कर दी। गोली रौशन के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए आरोपी से देसी कट्टा छीन लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायल को तत्काल इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट