नालंदा : छठ महापर्व के खरना के दिन बिहारशरीफ के छठव्रतियों को बड़ी सौगात मिली है। भाजपा विधायक डॉ. सुनील कुमार ने एक करोड़ 78 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित इंद्रधनुषी पुल का उद्घाटन किया। नगर विकास एवं आवास विभाग की अनुशंसा से बने इस पुल से छठ घाट के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से आपस में जुड़ गए हैं।
इस पुल का निर्माण उनका सपना ही नहीं, बल्कि संकल्प था - MLA डॉ. सुनील कुमार
उद्घाटन के मौके पर विधायक डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि इस पुल का निर्माण उनका सपना ही नहीं, बल्कि संकल्प था। वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री शहरी समग्र विकास योजना के तहत इसकी अनुशंसा की गई थी। अब पुल बनने से छठ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को एक-दूसरे तक पहुंचने में सहूलियत होगी।
विधायक ने कहा- पंचाने नदी पर रिवर फ्रंट निर्माण की भी योजना है
विधायक ने कहा कि पंचाने नदी पर रिवर फ्रंट निर्माण की भी योजना है। सरकार ने इसके लिए आश्वासन दिया है। रिवर फ्रंट बनने के बाद स्थानीय लोग नौका विहार का आनंद भी ले सकेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट