मुजफ्फरपुर : नवविवाहिता की संदिग्ध मौत पर बवाल, पूर्व मंत्री के दामाद ने उठाई SIT जांच की मांग

मुजफ्फरपुर : नवविवाहिता की संदिग्ध मौत पर बवाल, पूर्व मंत्री के दामाद ने उठाई SIT जांच की मांग

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 07, 2026, 6:10:00 PM

पटना में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री संजीव प्रसाद टोनी के दामाद उद्योगपति और वरुण कुमार सिंह ने अपनी बहन खुश्बू सिंह की संदिग्ध मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने दावा किया कि उनकी बहन की शादी के महज छह महीने के भीतर योजनाबद्ध तरीके से हत्या की गई। साथ ही, मामले को उठाने के बाद उनके पूरे परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे उनकी सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

वरुण ने बताया कि खुश्बू सिंह का विवाह 1 जून 2025 को मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा क्षेत्र स्थित ज्ञानलोक मार्ग निवासी एनआरआई इंजीनियर सुधांशु सिंह से हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के समय ही दहेज के रूप में महंगी गाड़ी, भारी मात्रा में आभूषण और नकद राशि की मांग की गई थी। परिवार ने अधिकांश मांगों को पूरा भी किया, लेकिन एक लक्ज़री कार की मांग अधूरी रह गई। उनका कहना है कि इसी को लेकर शादी के बाद से ही खुश्बू को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा, और बाद में दिल्ली में फ्लैट की मांग भी सामने आई।

घटना के बारे में जानकारी देते हुए वरुण ने कहा कि 26 दिसंबर 2025 को उन्हें फोन पर बताया गया कि उनकी बहन की मौत जलने और दम घुटने के कारण हुई है। हालांकि, जब परिवार मौके पर पहुंचा तो परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहले ही अपनी कार्रवाई पूरी कर चुकी थी और उन्हें शव देखने तक का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। साथ ही, मृतका के शरीर से आभूषण गायब थे और कमरे की स्थिति भी आधिकारिक दावे से मेल नहीं खा रही थी।

उन्होंने स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शुरुआती दौर में आरोपियों के प्रति नरमी बरती गई और शिकायत दर्ज करने में भी देरी की गई। बाद में दबाव बढ़ने पर पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया, लेकिन सास और ससुर के खिलाफ अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वरुण का आरोप है कि इस ढिलाई के कारण अन्य आरोपी फरार हो गए और अब केस को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। साथ ही, सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए वरुण ने दावा किया कि उन्हें कई बार जान से मारने की कोशिश की गई और लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एक बार उन पर हमला उस समय हुआ जब सरकारी सुरक्षा कर्मी मौजूद थे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल उठता है।

वरुण कुमार सिंह ने राज्य सरकार से इस मामले में विशेष जांच दल (SIT) गठित करने, सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और उनके परिवार को स्थायी सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी, डीजीपी विनय कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को इस संबंध में आवेदन भी सौंपा है। अंत में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।