मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को अपने एक दिवसीय मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि बिहार की जनता गुंडाराज और अराजकता का दौर देख चुकी है। यही कारण है कि आज लोगों का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में विकास और सुशासन की राजनीति को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर मरीन ड्राइव लेक-1, लेक-2 और लेक-3 के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष लगातार यह प्रचार करता है कि बिहार का खजाना खाली है, जबकि वास्तविकता इसके बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 10 जुलाई को राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 98 लाख परिवारों के बैंक खातों में सीधे राशि हस्तांतरित की। उन्होंने इसे सरकार की आर्थिक मजबूती और गरीबों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर बिहार की जनता ने एनडीए को ऐतिहासिक जनादेश देकर 202 सीटों की जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है और सरकार इस क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुजफ्फरपुर को मिली कई बड़ी सौगातें
मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि शहर में जल्द ही आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना की जाएगी। साथ ही भविष्य में बिहार में रैपिड रेल परियोजना पर काम शुरू होगा, जिससे मुजफ्फरपुर से पटना की दूरी महज 40 मिनट में तय की जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार 12 नए आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। इनमें मुजफ्फरपुर में 'तिरहुत टाउनशिप' विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुराने शहरों का विकास समय लेने वाला कार्य है, लेकिन सरकार सड़क, नाली, पार्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से काम कर रही है।
मुफ्त बिजली और राशन कार्ड अभियान का किया जिक्र
सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार की 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली योजना का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र उपभोक्ताओं को मिल रहा है, जिससे लाखों परिवारों का बिजली बिल शून्य हो गया है। उन्होंने बताया कि बिहार में एक करोड़ नए लाभार्थियों को राशन कार्ड से जोड़ने का अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म" विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार को तीन गुना गति से विकसित करने के लक्ष्य के साथ सरकार लगातार काम कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि राम मंदिर की तर्ज पर माता सीता से जुड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
1,047 करोड़ की 981 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर को बड़ी विकासात्मक सौगात देते हुए 1,047 करोड़ रुपये की लागत वाली 981 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। एमआईटी परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शहरी विकास, नगर विकास एवं आवास विभाग, पेयजल, सड़क, आधारभूत संरचना तथा बुडको की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।
सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से मुजफ्फरपुर सहित पूरे उत्तर बिहार के विकास को नई गति मिलेगी और क्षेत्र में आधारभूत संरचना पहले से अधिक मजबूत होगी।
मुजफ्फरपुर से मुकेश चौरसिया की रिपोर्ट