NEET पेपर लीक विरोध पर मुख्य सचिव की हाई लेवल बैठक हुई है। सभी डीएम-एसपी को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है। इस बीच छात्र आंदोलन और उपद्रव की आशंका को देखते हुए सम्राट सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। बिहार में जगह-जगह हो रहे उपद्रव के बाद पुलिस महकमा सर्तक है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर में अफवाह रोकने को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया है। गृह विभाग ने डीएम-एसएसपी की सिफारिश पर इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया है।
दरअसल मुजफ्फरपुर के कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक यह प्रतिबंध 24 जुलाई दोपहर 12:30 बजे से 26 जुलाई सुबह 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। यह रोक मुजफ्फरपुर के पुलिस सब-डिवीजन टाउन-1 और टाउन-2 क्षेत्रों में लागू की गई है। अफवाह और भड़काऊ पोस्ट रोकने के लिए फैसला लिया गया है। सरकार का कहना है कि अफवाहों और भ्रामक संदेशों के प्रसार को रोकने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। हालांकि गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी इंटरनेट और इंटरनेट बेस्ट सर्विस, बैंकिंग, रेलवे सर्विस पर रोक नहीं रहेगा।
गृह विभाग की ओर से मुजफ्फरपुर के डीएम एसपी को इसकी जानकारी दी गई है। गृह विभाग ने टेलीकम्युनिकेशन एक्ट-2023 के तहत यह आदेश जारी किया है। अब मुजफ्फरपुर के पुलिस सब डिवीजन-1 और टाउन-2 में 26 तारीख की सुबह तक इंटरनेट बंद रहेगा। आदेश के तहत फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर), WhatsApp, Instagram, Telegram समेत करीब 24 प्रकार की सोशल नेटवर्किंग और मैसेजिंग सेवाओं पर रोक रहेगी। इसके अलावा कुछ ब्रॉडबैंड कम्युनिकेशन सेवाएं भी प्रभावित होंगी। इस अवधि के दौरान प्रतिबंधित सेवाओं के जरिए संदेशों और सूचनाओं के प्रसार पर रोक रहेगी।
