ट्रांसपोर्ट की आड़ में स्पिरिट की खेप बरामद, सैकड़ों लीटर स्पिरिट के साथ ट्रक चालक गिरफ्तार

पूर्वी चंपारण के छतौनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध स्पिरिट की बड़ी खेप का खुलासा करते हुए एक ट्रक से 400 लीटर स्पिरिट बरामद किया है। स्पिरिट को ट्रांसपोर्ट के जरिए दूसरे सामान के साथ छिपाकर ले जाया जा रहा था।

पूर्वी चंपारण के छतौनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध स्पिरिट की बड़ी खेप का खुलासा करते हुए एक ट्रक से 400 लीटर स्पिरिट बरामद किया है। स्पिरिट को ट्रांसपोर्ट के जरिए दूसरे सामान के साथ छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर स्पिरिट की खेप के स्रोत और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार सदर 1 को गुप्त सूचना मिली थी कि मोतिहारी के मठिया स्थित मंजूर अस्पताल के आगे धर्म कांटा के पास एक ट्रक खड़ा है, जिसमें अवैध स्पिरिट छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में छतौनी थाना पुलिस की टीम गठित की गई और तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्ध ट्रक की जांच शुरू की गई।

 जांच के दौरान ट्रक में अलग-अलग प्रकार की सामग्री लदी हुई मिली। पहली नजर में ट्रक सामान्य ट्रांसपोर्ट का माल लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा था। लेकिन पुलिस को संदेह होने पर जब ट्रक की गहन तलाशी ली गई, तो उसमें छिपाकर रखे गए स्पिरिट के कंटेनर बरामद हुए। पुलिस ने कुल 20 कंटेनरों में करीब 400 लीटर स्पिरिट बरामद की। 

अलग-अलग सामान के बीच छिपाई गई थी स्पिरिट पुलिस की कार्रवाई में यह बात सामने आई कि ट्रक में कई तरह के सामान के साथ स्पिरिट को भी रखा गया था। बरामद सामान में 02 एग्रोपावर ग्रिडर, 98 पीस हैंडपंप, 40 कार्टन पैकेट तेल, 6 पैकेट प्लास्टिक हवाई चप्पल, 17 पीस सिलाई मशीन, पाइप सहित अन्य सामग्री शामिल है। इसी सामान के बीच स्पिरिट के कंटेनरों को छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और बरामद स्पिरिट को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि ट्रक में लदा सामान ट्रांसपोर्ट के माध्यम से कोलकाता से लाया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्पिरिट की खेप वास्तव में कहां से ट्रक में लोड की गई थी और इसे मोतिहारी में किस व्यक्ति या ठिकाने तक पहुंचाया जाना था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रांसपोर्ट के जरिए भेजे जा रहे सामान में अवैध स्पिरिट को किस स्तर पर शामिल किया गया। पूरे मामले में ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट