मोतिहारी जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार भारती बुधवार को मोतिहारी पहुंचे, जहां उन्होंने स्कूली छात्रों और शिक्षकों के साथ संवाद कर शिक्षा व्यवस्था, नई शिक्षा प्रणाली और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है और जन सुराज शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार के लिए लगातार काम कर रहा है।
अपने संबोधन में मनोज कुमार भारती ने कहा कि छात्रों और शिक्षकों को बदलते समय के अनुरूप नई शिक्षा प्रणाली की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जन सुराज का उद्देश्य ऐसी शिक्षा व्यवस्था विकसित करना है, जो रोजगारपरक होने के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में भी सहायक बने।
पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि जन सुराज शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी अपने प्रत्याशियों को मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतारेगी और बेहतर प्रदर्शन करेगी।
राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए मनोज कुमार भारती ने कहा कि जन सुराज में शामिल होने वाले हर व्यक्ति का स्वागत है। उन्होंने कहा कि पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर बेहतर राजनीति का विकल्प प्रस्तुत कर रही है और लगातार संगठन का विस्तार किया जा रहा है।
वहीं, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव द्वारा सिवान में एके-47 फायरिंग मामले को लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन और लोक भवन मार्च पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का काम सरकार का विरोध करना है और उसे अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।
हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि जन सुराज का विरोध केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आम जनता से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे पर सरकार को जवाबदेह बनाने का काम करेगी।
कार्यक्रम में सीएमजे के निदेशक ज्योति झा, प्रबंध निदेशक आर.के. झा सहित कई शिक्षक, छात्र एवं जन सुराज के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं की भागीदारी को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट