मोतिहारी चकिया थाना क्षेत्र के चीनी मिल जिरात इलाके में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग लड़की का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि लड़की की उम्र करीब 13 वर्ष थी। शव के आसपास खून के निशान मिलने के बाद घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लड़की मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। शव मिलने की सूचना के बाद चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। आसपास खून के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट