खेसारी लाल यादव को गाली-गलौज, राइटर के साथ यौन शोषण का आरोप, यूट्यूबर गिरफ्तार

भोजपुरी के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव पर सोशल मीडिया पर गाली गलौज करने व उसके राइटर अखिलेश भारद्वाज के साथ रंगदारी मांगने व उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार का प्रयास करने के आरोप में मोतिहारी के एक चर्चित यूट्यूबर सौरभ मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया

मोतिहारी: भोजपुरी के सुपरस्टार गायक व अभिनेता खेसारी लाल यादव पर सोशल मीडिया पर गाली गलौज करने व उसके राइटर अखिलेश भारद्वाज के साथ रंगदारी मांगने व उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार का प्रयास करने के आरोप में मोतिहारी के एक चर्चित यूट्यूबर सौरभ मिश्रा को मोतिहारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया व उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

यूट्यूबर व इंफ्लुएंसर सौरभ मिश्रा  पर आरोप है कि उसने खेसारी लाल यादव को सोशल मीडिया पर गाली गलौज दिया है और उसने उनके राइटर अखिलेश भारद्वाज के साथ यौन शोषण का प्रयास किया व उसके साथ गाली गलौज करते हुए रंगदारी की मांग की है। वहीं सौरभ मिश्रा ने इसे सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उसे झूठे केस में फंसाया जा रहा है। उसने कभी भी खेसारी लाल यादव के साथ गाली गलौज नही की है, बल्कि उसके राइटर ने पैसे हजम करने के ख्याल से उसे झूठे केस में फंसाया है।

उसने कहा कि मुझे उसके साथ यौन शोषण करने का आरोप लगा है।अब बताइए कि एक लड़का दूसरे लड़के के साथ ऐसा कर सकता है क्या ? पिछले सात आठ महीने में मेरी उससे कोई बातचीत नही हुई है। कुछ दिन पहले खुद अखिलेश ने मुझे बारह बजे रात को फोन करके भद्दी भद्दी गाली दी थी और अपने रसूख का फायदा उठाकर उसने मुझे झूठे केस में  फंसाया है।

वहीं इसकी पुष्टि सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने की है और कहा है कि  छतौनी थाना की पुलिस ने सौरभ मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इनके ऊपर पूर्व में भी चार पांच मामले दर्ज है। वहीं  एसपी स्वर्ण प्रभात ने भी मामले की पुष्टि करते हुए लिखा है कि भोजपुरी कलाकार खेसारीलाल यादव के साथ गाली गलौज करने के आरोप में सौरभ मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है। 

वहीं इस मामले को लेकर सौरभ के पिता ने अपने पुत्र को बेकसूर बताया है और कहा है कि उसके पुत्र को फंसाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कोई अखिलेश भारद्वाज नाम का आदमी है जिसने किसी लड़की को सात आठ साल तक अपने साथ रखा और उसे छोड़ दिया। उसके बाद जब वो लड़की सोशल मीडिया पर रो रही थी तो मेरे बेटे ने इसका विरोध किया था, जिसके बाद दोनों में तनातनी चल रही थी। मेरे पास भी उसका चार पांच वीडियो और ऑडियो है, जिसमें  वो मेरे बेटे को भद्दी भद्दी गाली दे रहा है। उसे झूठा केस में फंसाया गया है।।

पूर्वी चंपारण से प्रकाश सिंह की रिपोर्ट