मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज में मेस की व्यवस्था को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। गुरुवार सुबह गर्म तेल की चपेट में आने से तीन छात्राएं घायल हो गईं। छात्रों ने मेस कर्मी पर जानबूझकर कढ़ाई पटकने का आरोप लगाया। खबर के बाद कॉलेज प्रशासन ने मेस संचालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कॉलेज परिसर में प्रवेश पर रोक लगा दी है।
घटना में 2023 बैच की मोनाली कुमारी, मधु प्रिया और मुस्कान कुमारी घायल हुईं। तीनों का निजी अस्पताल में इलाज कराया गया, जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। छात्रों का आरोप है कि रोटी मांगने के दौरान मेस कर्मी अभिषेक कुमार कश्यप ने गर्म तेल की कढ़ाई पटक दी, जिससे तेल छात्राओं के पैरों पर गिर गया।
मामले की जानकारी मिलने पर राजद जिलाध्यक्ष मनोज यादव और पूर्व विधायक राजेंद्र राम भी कॉलेज पहुंचे और छात्रों से जानकारी ली। कॉलेज की केयरटेकर ज्योति कुमारी ने भी घटना की पुष्टि की है। फिलहाल कॉलेज प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि घटना महज हादसा थी या जानबूझकर की गई हरकत।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट