पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली इलाके में सिकरहना नदी का लगातार बढ़ता जलस्तर अब खतरे की घंटी बन गया है। नदी का पानी नगर के वार्ड नंबर-1 समेत कई इलाकों में फैलने लगा है, जबकि भवानीपुर कैथवलिया, लक्ष्मीपुर मनसिंघा सहित कई स्थानों पर नदी का कटाव भी लगातार जारी है। इससे बाढ़ का खतरा और गहरा गया है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सिकरहना नदी के दक्षिणी छोर पर बने बांध का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया, जिसके कारण नदी का पानी तेजी से रिहायशी इलाकों और खेतों में प्रवेश कर रहा है। नयका टोला मंदिर के पास स्लुइस गेट के लिए जगह खुली छोड़ दी गई है, जबकि निमुई साइड में बांध का काम अधूरा है। इन दोनों स्थानों से तेज बहाव के कारण सड़कों पर जलजमाव हो गया है और खेतों में लगी फसलें डूबने लगी हैं।
उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास शर्मा ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया और प्रशासन को लिखित व मौखिक सूचना देने की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पूरा इलाका जलमग्न हो सकता है। साथ ही वार्ड नंबर-1 के लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने की अपील की है।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट