अंग्रेजों के जमाने का पुल ध्वस्त, एक की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल

पूर्वी चंपारण जिले के सिकरहना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हुआ है। सिकरहना थाना क्षेत्र के भगवतपुर भलुआहिया गांव में कछुआ नदी पर बना अंग्रेजों के जमाने का पुराना पुल अचानक ध्वस्त हो गया।

मोतिहारी : पूर्वी चंपारण जिले के सिकरहना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हुआ है। सिकरहना थाना क्षेत्र के भगवतपुर भलुआहिया गांव में कछुआ नदी पर बना अंग्रेजों के जमाने का पुराना पुल अचानक ध्वस्त हो गया। इस हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल ढाका अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

घास काटने जा रहे थे सभी लोग

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सभी लोग पैदल घास काटने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जब वे कछुआ नदी पर बने पुराने पुल से गुजर रहे थे, तभी अचानक पुल का एक हिस्सा धंस गया। पुल के अचानक टूटने से उस पर मौजूद लोग संभल नहीं पाए और मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही सिकरहना थाना अध्यक्ष गोपाल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हालांकि, इस दौरान एक और हादसा होते-होते बच गया। बताया जा रहा है कि बचाव कार्य के लिए पहुंची टीम भी हादसे की चपेट में आ गई, लेकिन राहत की बात रही कि टीम के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए।

पुराने पुल की जर्जर स्थिति पर उठे सवाल

अंग्रेजों के जमाने में बने इस पुराने पुल के अचानक ध्वस्त होने से उसकी मजबूती और सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीण इलाकों में आवागमन के लिए इस्तेमाल होने वाले ऐसे पुराने पुलों की स्थिति की जांच और समय रहते मरम्मत की जरूरत एक बार फिर सामने आई है। फिलहाल इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत और चार लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। हादसे के कारणों और पुल की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।

मोतिहारी से प्रकाश सिंह की रिपोर्ट