चेचिस नंबर बदल कर दूसरे राज्यों में बेचते थे बाइक, बाइक चोरों के बडे गिरोह का खुलासा

राज्य के मोतिहारी जिले में बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ये सभी शातिर चोरी की बाइक को दूसरे राज्यों में बेच दिया करते थे। अब पुलिस इनके पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।

राज्य के मोतिहारी जिले में बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिकरहना के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में कुल 28 चोरी की बाइक बरामद की गई हैं, जबकि गिरोह से जुड़े 12 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी शातिर चोरी की बाइक को दूसरे राज्यों में बेच दिया करते थे। अब पुलिस इनके पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।

एसडीपीओ ने बुधवार को बताया कि सेकरगंज थानाध्यक्ष गोपाल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक संगठित गिरोह लगातार बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। यह गिरोह चोरी की बाइक के चेचिस नंबर को बदलकर (नया नंबर पंच कर) उन्हें दूसरे जिलों और राज्यों में बेच देता था। सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी अभियान शुरू किया गया।

कार्रवाई के दौरान सबसे पहले शिकारगंज थाना क्षेत्र से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चिरैया थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान चिरैया थाना क्षेत्र से 21 चोरी की बाइक के साथ आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं शिकारगंज थाना क्षेत्र से सात बाइक के साथ चार अन्य चोरों को पकड़ा गया। सभी गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। 

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह का एक “मिडिल मैन” भी सक्रिय था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मिडिल मैन चोरी की बाइक को खपाने और खरीददारों तक पहुंचाने का काम करता था। हालांकि, गिरोह का मास्टरमाइंड अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी मुख्य रूप से चोरी की बाइक को बेचने के नेटवर्क का हिस्सा थे, जबकि बाइक चोरी कर उसके चेचिस नंबर बदलने वाला मुख्य आरोपी अब भी फरार है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

पूर्वी चंपारण से सोहराब आलम की रिपोर्ट