आवास योजना से पात्रों का नाम काटे जाने पर भड़के मुखिया, प्रखंड कार्यालय में आमरण अनशन शुरू

आवास योजना की सूची से पात्र लाभुकों के नाम हटाए जाने के विरोध में मलकौनिया पंचायत के मुखिया बाबूलाल प्रसाद आर्य ने मंगलवार को ढाका प्रखंड कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया।

आवास योजना की सूची से पात्र लाभुकों के नाम हटाए जाने के विरोध में मलकौनिया पंचायत के मुखिया बाबूलाल प्रसाद आर्य ने मंगलवार को ढाका प्रखंड कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया। मुखिया के अनशन पर बैठते ही प्रखंड परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी।

मुखिया का आरोप है कि पंचायत के कई ऐसे परिवार, जो आवास योजना के लाभ के पात्र हैं, उनके नाम सूची से हटा दिए गए हैं। इससे जरूरतमंद और गरीब परिवार सरकारी आवास योजना के लाभ से वंचित होने की स्थिति में हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने और पात्र लाभुकों के नाम सूची में शामिल कर योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।

मुखिया बाबूलाल प्रसाद आर्य ने कहा कि पात्र लोगों को आवास योजना का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता है। जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।

अब देखना है कि मुखिया के आमरण अनशन के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और आवास योजना की सूची में कथित तौर पर हटाए गए पात्र लाभुकों के नामों की जांच कब तक पूरी होती है।

पूर्वी चंपारण से प्रकाश कुमार की रिपोर्ट