37 लाख के एटीएम शटर कटवा कांड में बड़ी कार्रवाई, पुलिस पहुंची हरियाणा, घर पर इश्तिहार चस्पा किया

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 20, 2026, 3:09:00 PM

पूर्वी चंपारण पुलिस ने 37 लाख रुपये के एटीएम शटर कटवा कांड में बड़ी कार्रवाई की है। मामले के मास्टरमाइंड की तलाश में पुलिस हरियाणा पहुंची और कोर्ट के आदेश पर उसके घर पर इश्तिहार चस्पा किया।

मोतिहारी के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में पिछले महीने हुए 37 लाख रुपये के एटीएम शटर कटवा कांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में फरार चल रहे गैंग के मास्टरमाइंड जुनैद और शहादत की गिरफ्तारी के लिए पूर्वी चंपारण पुलिस हरियाणा के नूंह जिले के पिनगवा गांव पहुंची। 

वहां कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने बैंड-बाजे के साथ दोनों आरोपियों के घर पर इश्तिहार चस्पा किया और जल्द आत्मसमर्पण या गिरफ्तारी नहीं होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। 

सदर एसडीपीओ-1 दिलीप कुमार ने बताया कि एटीएम शटर काटकर करीब 37 लाख रुपये की चोरी की घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट