मोतिहारी : राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पंचायत सरकार भवन योजना बंजरिया प्रखंड के फुलवर उत्तरी पंचायत में दम तोड़ती नजर आ रही है। करोड़ों रुपए की लागत से बना पंचायत सरकार भवन आज बदहाली का शिकार है। भवन में न कर्मचारी आते हैं, न जनप्रतिनिधियों की सक्रियता दिखती है और न ही ग्रामीणों के कामकाज का संचालन हो रहा है। स्थिति यह है कि भवन की खिड़कियों के शीशे टूट चुके हैं और कई जगहों पर दीवारों में दरारें भी दिखाई दे रही हैं।
पंचायत सरकार भवन का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन गांव से जोड़ने वाली सड़क की व्यवस्था नहीं की गई - जनप्रतिनिधि व बुद्धिजीवी
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों का आरोप है कि पंचायत सरकार भवन का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन गांव से जोड़ने वाली सड़क की व्यवस्था नहीं की गई। नतीजतन, यह भवन आबादी से दूर सरेह में बनकर रह गया है। वहीं, मुखिया का कहना है कि भवन का अब तक विधिवत हस्तांतरण नहीं हुआ है।
घोड़मरवा से पंचायत सरकार भवन तक सड़क बन जाए तो ग्रामीणों को काफी सहूलियत होगी - स्थानीय सरपंच सुबोध कुमार
स्थानीय सरपंच सुबोध कुमार ने बताया कि घोड़मरवा से पंचायत सरकार भवन तक सड़क बन जाए तो ग्रामीणों को काफी सहूलियत होगी। अब सवाल यह है कि जब भवन तक पहुंचने का रास्ता ही नहीं, तो ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ कैसे मिलेगा? लाखों-करोड़ों खर्च कर बने इस भवन की बदहाली पर जिम्मेदार अधिकारी कब संज्ञान लेंगे?
मोतिहारी से प्रकाश सिंह की रिपोर्ट