रुद्रपुर पुलिस की कार्रवाई, अवैध हथियार के साथ घूम रहा एक गिरफ्तार, एक फरार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 18, 2026, 11:39:00 AM

मधुबनी जिले की रुद्रपुर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक अपने साथी के साथ अवैध हथियार लेकर घूम रहा था। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की। हालांकि युवक का एक अन्य साथी फरार होने में सफल रहा। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

मिली खबर के अनुसार रुद्रपुर थाने में पदस्थापित पुअनि नवीन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम जलसैन गाँव के धीरज पाठक अपने साथी के साथ अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम के साथ ग्राम जलसैन स्थित दुर्गा मंदिर के पास छापेमारी की गई। पुलिस को देखकर दो लड़के भागने लगे। घेराबंदी कर एक लड़के को पकड़ लिया गया जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए लड़के ने अपना नाम धीरज पाठक उर्फ नटवर उम्र 22 वर्ष, थाना रुद्रपुर जिला मधुबनी बताया। तलाशी में उसकी कमर से एक देशी कट्टा और जेब से दो मोबाइलबरामद हुए। इस दौरान उसका एक साथी फरार हो गया। 

पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में धीरज ने फरार साथी का नाम गंगई कामत, पिता शिव कुमार कामत, सा जलसैन बताया। कट्टा के संबंध में युवक ने बताया कि ये उसे रमण झा, थाना रुद्रपुर ने दिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ रुद्रपुर थाना कांड सं0-84/26, दिनांक-17.07.2026, धारा-317(5)/3(5) बीएनएस एवं 25(1-बी) ए/26/35 आर्म्स एक्ट* के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मधुबनी से पांडव की रिपोर्ट