'हर घर तिरंगा' एसएसबी ने निकाली भव्य बाइक और साइकिल रैली, तिरंगे के साथ दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

जयनगर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के अंतर्गत 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर द्वारा दिनांक 12 अगस्त 2026 को वाहिनी मुख्यालय से बाइक एवं साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

जयनगर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के अंतर्गत 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर द्वारा दिनांक 12 अगस्त 2026 को वाहिनी मुख्यालय से बाइक एवं साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

यह रैली राजेंद्र कुमार, कमांडेंट, 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के दिशा-निर्देशन में आयोजित की गई। कमांडेंट अपरिहार्य कारणों से रैली में स्वयं उपस्थित नहीं हो सके। उनके दिशा-निर्देशन में  हरेंद्र सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी के नेतृत्व में रैली का आयोजन किया गया।

रैली में विमल गुप्ता, उप कमांडेंट, नरेंद्र कुमार सिंह, सहायक कमांडेंट, निरीक्षक प्रशासन मनमोहन सिंह कन्याल, सहायक उप निरीक्षक (संचार) महेंद्र सिंह तोमर, अन्य अधिकारी एवं 48वीं वाहिनी के कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ रैली का शुभारंभ

रैली का शुभारंभ ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक उद्घोष एवं देशभक्ति की भावना के साथ किया गया। सभी बाइक, साइकिल एवं वाहनों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लगाया गया। रैली के दौरान देशभक्ति गीतों के माध्यम से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत किया गया।

रैली के माध्यम से आम नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य एवं राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया गया। मार्ग में रैली के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों का संदेश दिया गया तथा अधिक से अधिक लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया।

जयनगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली

बाइक एवं साइकिल रैली वाहिनी मुख्यालय → नेपाली रेलवे क्रॉसिंग → पटना गद्दी चौक → रेलवे स्टेशन → शहीद चौक → जयनगर बाजार → NH-227 → पावर हाउस → पुनः वाहिनी मुख्यालय तक निकाली गई।

रैली के दौरान तिरंगे से सुसज्जित बाइक एवं साइकिलों के साथ SSB कार्मिकों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ सहभागिता की। रैली को देखकर स्थानीय नागरिकों में भी उत्साह एवं देशभक्ति की भावना देखने को मिली।

कमांडेंट राजेंद्र कुमार का संदेश

इस अवसर पर राजेंद्र कुमार, कमांडेंट, 48वीं वाहिनी SSB, जयनगर ने अपने संदेश में कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश के प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के माध्यम से राष्ट्र के प्रति अपने गौरव, सम्मान एवं जिम्मेदारी से जोड़ने का महत्वपूर्ण अभियान है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश की पहचान नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और वीरता का प्रतीक है। उन्होंने सभी कार्मिकों एवं नागरिकों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और ‘हर घर तिरंगा–2026’ अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाएं।

कमांडेंट ने कहा कि ऐसी रैलियां केवल जागरूकता का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं नागरिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी हैं।

रैली के दौरान “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” एवं “जय हिन्द” के नारों से वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 

मधुबनी से पांडव कुमार यादव की रिपोर्ट