मधेपुरा: राज्य के मधेपुरा जिले से बडी खबर है। यहां बेखौफ अपराधियों ने विक्की मेहता नाम के शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि विक्की की गिनती वांटेड में होती थी। घटना देर शाम की बतायी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम बेखौफ अपराधियों ने नरदह पंचायत की मुखिया रीता देवी के देवर विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता को गोलियों से छलनी कर दिया। बताया जा रहा है कि दो मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने नया टोला चौक के पास विक्की मेहता पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में परिजन उन्हें जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुखिया रीता देवी के अनुसार, नरदह सरकार भवन में मनरेगा का काम चल रहा था। काम खत्म कराने के बाद विक्की मेहता घर लौट रहे थे। इसी दौरान नया टोला चौक के पास बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेरकर गोली मार दी। अस्पताल के उपाध्यक्ष के अनुसार, मरीज को अस्पताल लाए जाने पर इसीजी किया गया, जिसमें उसे मृत पाया गया।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शरीर पर पांच से सात गोलियों के जख्म बताए गए हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। इधर वारदात की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी हरकत में आयी। अब पुलिस घटना के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या आपराधिक वर्चस्व समेत कई एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
मधेपुरा से रविकांत की रिपोर्ट