शॉर्ट सर्किट से 5 फूस के घर जलकर राख, करीब 15 लाख की संपत्ति का नुकसान

मधेपुरा शहर के पानी टंकी चौक के समीप सोमवार मंगलवार की मध्य रात करीब 1:30 बजे शॉर्ट सर्किट से लगी अचानक आग में पांच परिवारों के घर जलकर राख हो गए।

मधेपुरा : मधेपुरा शहर के पानी टंकी चौक के समीप सोमवार मंगलवार की मध्य रात करीब 1:30 बजे शॉर्ट सर्किट से लगी अचानक आग में पांच परिवारों के घर जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि घरों में रखा कपड़ा, फर्नीचर, घरेलू सामान, नकदी और अन्य जरूरी सामग्री भी नहीं बचाई जा सकी। पीड़ित परिवारों के अनुसार, अगलगी में करीब 15 लाख रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है। अगलगी की घटना में सूरज कुमार, छोटू कुमार, विकास महतो, संगीता देवी और जूली देवी के घर पूरी तरह जल गए। सभी परिवार पिछले कई वर्षों से फूस के घर में रहकर मजदूरी और ठेला चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

देर रात अचानक घरों में धुआं भरने लगा। दम घुटने पर लोगों की नींद खुली तो उन्होंने घर के ऊपर आग की लपटें देखीं

बताया गया कि देर रात अचानक घरों में धुआं भरने लगा। दम घुटने पर लोगों की नींद खुली तो उन्होंने घर के ऊपर आग की लपटें देखीं। इसके बाद आसपास के लोगों ने शोर मचाकर अन्य लोगों को जगाया और आग बुझाने का प्रयास करते हुए अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, तब तक पांचों घर पूरी तरह जल चुके थे। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित छोटू महतो ने बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब एक महीने बाद होने वाली थी। शादी के लिए घर में जेवर, कपड़े, फर्नीचर और अन्य सामान खरीदकर रखा गया था। अगलगी में शादी का पूरा सामान, करीब एक लाख रुपये नकद, गैस सिलेंडर समेत घर का अन्य सामान जलकर राख हो गया।

आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को घर से सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला - स्थानीय निवासी बाबुल

स्थानीय निवासी बाबुल पटेल ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को घर से सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। रात का समय होने के कारण सभी लोग सो रहे थे। धुआं भरने के बाद जब नींद खुली तो घर के ऊपर आग लगी हुई थी। अगलगी के बाद पांचों पीड़ित परिवारों के सामने रहने और भोजन समेत जरूरी सामान की व्यवस्था करने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से अगलगी में हुए नुकसान का आकलन कर उचित सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।