मधेपुरा: दीपावली का त्योहार जहां लोग दीपक और मोमबत्तियां जलाकर रोशनी का उत्सव मनाते हैं, वहीं मधेपुरा में पिछले 10 वर्षों से एक अनूठी पहल के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियों की रोशनी बिखेरी जा रही है। पवन हंस आंख अस्पताल एवं लायंस क्लब मधेपुरा के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष भी 35 गरीब और जरूरतमंद मरीजों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कर उनकी आंखों की रोशनी लौटाई गई।
इस अवसर पर आज अहले सुबह पवन हंस आंख अस्पताल परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मधेपुरा के जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने मोतियाबिंद का सफल ऑपरेशन कराने वाले मरीजों की आंखों की पट्टी खोलकर उन्हें नई रोशनी की सौगात दी। इस दौरान जिलाधिकारी सहित अन्य अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने कहा कि यह जानकर बेहद खुशी हुई कि पिछले 10 वर्षों से पवन हंस आंख अस्पताल और लायंस क्लब के सहयोग से दीपावली के अवसर पर जरूरतमंद मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन कर उनकी आंखों की रोशनी लौटाई जा रही है। यह बेहद सराहनीय और मानवता की सेवा का अनुकरणीय उदाहरण है। इस पुनीत कार्य की जितनी प्रशंसा की जाए, कम है। उन्होंने जिलेवासियों से दीपावली का त्योहार सतर्कता के साथ आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील भी की।
वहीं, पवन हंस आंख अस्पताल के संचालक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि उनके सहयोगी चिकित्सक डॉ. जाहिद अख्तर एवं लायंस क्लब की टीम के सहयोग से गांव-गांव में शिविर लगाकर गरीब और जरूरतमंद मरीजों को चिन्हित किया जाता है। इसके बाद मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाता है। इस वर्ष भी 35 मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया, जिसके बाद दीपावली के अवसर पर उनकी आंखों की पट्टी खोलकर उन्हें फिर से दुनिया देखने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि अस्पताल और लायंस क्लब की ओर से भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्य लगातार जारी रहेंगे, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा का लाभ मिल सके।
मधेपुरा से रविकांत कुमार की रिपोर्ट