किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत तातपौआ पंचायत सरकार भवन परिसर में शनिवार पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद रसमुद्दीन फैज़ ने की। इस दौरान पंचायत के विभिन्न वार्डों के वार्ड सदस्य एवं उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में मुख्य रूप से पंचायत क्षेत्र के वैसे जरूरतमंद परिवारों को सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई, जो किसी कारणवश अब तक योजना की सूची में शामिल नहीं हो सके हैं।
पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक लाभ पहुंचाना है। ऐसे में पात्र लोगों को योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए।
मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद रसमुद्दीन फैज़ ने बताया कि बैठक का विशेष उद्देश्य आवास योजना से वंचित लोगों को चिन्हित कर उन्हें सूची में शामिल कराने की दिशा में आवश्यक पहल करना है। उन्होंने कहा कि पंचायत के सभी वार्डों में ऐसे परिवारों की जानकारी जुटाकर पात्र लाभुकों को सरकारी योजना का लाभ दिलाने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इसके लिए सभी पंचायत प्रतिनिधि एकजुट होकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखेंगे। आगामी पंचायत सरकार भवन में आयोजित होने वाले शिविर के दौरान आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
प्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायत के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में मौजूद सदस्यों ने इस दिशा में हरसंभव सहयोग करने की बात कही।
किशनगंज से इमामुद्दीन की रिपोर्ट