किशनगंज: जिले में प्रकृति के एक चमत्कार की खबर है। यहां पांच साल पहले लगाई गई टहनी ने पेड़ का रूप ले लिया है। केवल इतना ही नहीं उस पर लगे कद्दू जैसे फल बने आकर्षण का केंद्र। बता दें कि ठाकुरगंज प्रखंड के रसिया पंचायत में एक अनोखा पौधा इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। वही आमतौर पर कद्दू की खेती जमीन पर फैलने वाली लताओं के माध्यम से की जाती है, लेकिन यहां एक छोटे पेड़ जैसे पौधे पर कद्दू के आकार के फल लगे होने की बात सामने आई है। इस अनोखे पौधे को देखने के लिए आसपास के इलाकों से भी लोग पहुंच रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, गिरजानंद, पिता प्रभु लाल, ने बताया कि करीब पांच वर्ष पहले उन्होंने किसी व्यक्ति से पौधे की एक टहनी लाकर अपने यहां लगाई थी। समय बीतने के साथ यह पौधा विकसित होकर छोटे पेड़ जैसा आकार ले चुका है। वर्तमान में इस पर लगे फल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। देखने में कद्दू जैसे नजर आने वाले इन फलों को देखकर स्थानीय लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
गिरजानंद के अनुसार, उन्होंने अब तक इस पौधे पर लगे फलों का इस्तेमाल खाने के लिए नहीं किया है। यही वजह है कि लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर ये फल किस प्रजाति के हैं और क्या इन्हें खाने में इस्तेमाल किया जा सकता है। इस अनोखे पौधे को देखने पहुंच रहे लोग आपस में चर्चा करते हुए इसकी प्रकृति और फलों की पहचान को लेकर अपने-अपने विचार रख रहे हैं। हालांकि, पौधे की वास्तविक प्रजाति और उस पर लगे फलों की पहचान की अभी तक वैज्ञानिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल, रसिया गांव में यह पौधा कौतूहल और आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। लोगों को उम्मीद है कि कृषि विशेषज्ञों की जांच से इस पौधे की वास्तविक पहचान और फलों की प्रकृति के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
किशनगंज से इमामुद्दीन की रिपोर्ट