कटिहार में बडा हादसा, कमला नदी में डूबे सात बच्चे, तीन की मौत

राज्य के कटिहार जिले से बडी खबर है। यहां कमला नदी में सात बच्चे डूब गये। घटना तब घटी जब सावन की तीसरी सोमवारी पर नहाने के लिए बच्चे नदी में गए हुए थे।

राज्य के कटिहार जिले से बडी खबर है। यहां कमला नदी में सात बच्चे डूब गये। घटना तब घटी जब सावन की तीसरी सोमवारी पर नहाने के लिए बच्चे नदी में गए हुए थे। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से चार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र के मोरसंडा गांव में सावन की तीसरी सोमवारी के दिन बडी घटना घट गयी। बताया जा रहा है कि कमला नदी में जल भरने और नहाने के लिए बच्चे गए हुए थे। बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए, जिसके कारण वह डूबने लगे। बच्चों के डूबने की खबर सामने आते ही मौके पर अफरा तफरी मच गयी। आनन फानन में स्थानीय लोग बच्चों को बचाने के लिए आगे आये।

स्थानीय लोगों की तत्परता से चार बच्चों को डूबने से बचाया गया और उनको सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि इस घटना में तीन की मौत की खबर है। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रति वर्ष सावन की सोमवारी पर श्रद्धालु कमला नदी से जल भर कर स्थानीय शिव मंदिर में पूजा करते हैं। पिछले दो सोमवारी से नदी में पानी कम था। जिसके कारण किसी प्रकार की हानि नहीं हुई। लेकिन इस बार नदी का जलस्तर बढा हुआ था। जिसके कारण यह हादसा हो गया। लोगों का यह भी आरोप था कि भीड को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गयी थी। 

वहीं घटना की सूचना मिलते ही आला प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।