रिश्वत देने के लिए बेचनी पडी बकरी! राजस्वकर्मी ने मांगी रिश्वत, वायरल हुआ वीडियो

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jun 23, 2026, 11:37:00 AM

प्रदेश की सम्राट सरकार अपने अधिकारियों के लिए नयी व्यवस्था कर रही है, जिसमें उनकी जिम्मेदारी को दिन के हिसाब से तय करने की बात कही जा रही है। विभिन्न विभागों के मंत्री भी आम जनता की सुविधा के लिए तमाम नयी कवायद करने की बात भी कह रहे हैं बावजूद ऐसी खबरें सामने आ जाती हैं, जिससे यह अंदाजा लगाना कतई मुश्किल नहीं कि राज्य के कर्मचारी सरकार के आदेशों का पलीता लगाने में कोई कसर नहीं छोडते हैं। दरअसल ऐसी ही एक खबर कटिहार जिले से है, जहां एक आम इंसान को रिश्वत की मांग पूरी करने के लिए बकरी को बेचना पड गया। अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि स्वराज पोस्ट इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

बिहार सरकार की लाख कोशिशों के बावजूद राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार का बोलबाला जारी है। मामला कटिहार के आजमनगर प्रखंड के पिंडाल पंचायत से जुड़ा हुआ है। जहां राजस्व कर्मचारी सुनील कुमार ठाकुर एक व्यक्ति से मोटेशन के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। अब इस पूरे प्रकरण का लाइव वीडियो भी सामने आ गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित के अनुसार उसे म्यूटेशन कराना है और इसके नाम पर उसका कई बार दोहन किया गया है। पीडित का कहना है कि जब उससे तीसरी बार म्यूटेशन के नाम पर पैसे मांगे गये तो उसे मजबूरी में अपनी बकरी को बेचना पडा। हालांकि इस दौरान उसने पूरे प्रकरण का वीडियो बना लिया।

इधर वीडियो के वायरल होते ही वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। इस पूरे मामले पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह के मामले में सरकार के जीरो टॉलरेंस की नीति को जमीनी स्तर पर भी इंप्लीमेंट करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल यह जो मामला सामने आया है, इस पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।