जहानाबाद की जिला पदाधिकारी छिरीड वाई भूटिया ने शुक्रवार को जहानाबाद सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों की उपस्थिति, ड्यूटी रोस्टर तथा विभिन्न वार्डों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला पदाधिकारी ने सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों की उपस्थिति की जानकारी ली तथा स्पष्ट निर्देश दिया कि इमरजेंसी में चिकित्सकों की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को प्राथमिक एवं आवश्यक उपचार सदर अस्पताल में ही बेहतर तरीके से उपलब्ध कराया जाए। गंभीर स्थिति होने पर ही मरीजों को उच्चतर चिकित्सा संस्थान में रेफर किया जाए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने एसएनसीयू, बच्चा वार्ड, लेबर वार्ड, प्रसूति विभाग एवं मेडिसिन वार्ड का भी जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों को आवश्यक दवाएं और बेहतर चिकित्सा सुविधा अस्पताल में ही उपलब्ध कराई जाए। अनावश्यक रूप से मरीजों को रेफर करने की प्रक्रिया पर रोक लगाने तथा गंभीर मामलों में ही रेफर करने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने अस्पताल में चिकित्सकों की अटेंडेंस टाइमिंग, ड्यूटी रोस्टर, इमरजेंसी में डॉक्टरों की उपलब्धता और अस्पताल से रेफर किए गए मरीजों की संख्या सहित अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के लिए सिविल सर्जन को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने सदर अस्पताल के निर्माणाधीन नए भवन का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए 7 नवंबर तक नए भवन को तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जहानाबाद के सिविल सर्जन डॉ. हरिश्चंद्र चौधरी सहित अस्पताल एवं स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट