सेवा संकल्प अभियान को लेकर जहानाबाद पहुंचीं भाजपा MLC अनामिका सिंह पटेल, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’को लेकर शुक्रवार को बिहार विधान परिषद की सदस्य एवं भाजपा एमएलसी अनामिका सिंह पटेल जहानाबाद पहुंचीं। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

जहानाबाद: भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’को लेकर शुक्रवार को बिहार विधान परिषद की सदस्य एवं भाजपा एमएलसी अनामिका सिंह पटेल जहानाबाद पहुंचीं। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की। 

पत्रकारों से बातचीत में अनामिका सिंह पटेल ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। इसी अवसर को केंद्र में रखते हुए भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह तक विभिन्न सेवा एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण और जनकल्याणकारी कार्यों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ओर से गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचा है। सेवा संकल्प अभियान के दौरान कार्यकर्ता आम लोगों के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और उनके लाभ के बारे में जानकारी देंगे तथा पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास करेंगे। 

एमएलसी ने कहा कि अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सेवा, जनसंपर्क और जनभागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से संवाद करेंगे और प्रधानमंत्री के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे। 

जहानाबाद पहुंचने के उद्देश्य पर उन्होंने कहा कि अभियान को जिले में प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा भाव के साथ अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जहानाबाद से वरुण कुमार की रिपोर्ट