जहानाबाद जिले से दर्दनाक खबर है। यहां एक महिला की सडक हादसे में मौत हो गयी। दरअसल स्कूटी पर बैठने के दौरान महिला की साडी पहिये में फंस जाने के कारण महिला सडक पर गिर गयी थी। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के घोसी थाना क्षेत्र के डहरपुर गांव की निवासी 35 वर्षीय बबीता देवी की सडक हादसे में जख्मी होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि बीते रविवार को बबीता देवी अपने बड़े पुत्र के साथ, स्कूटी से छोटे पुत्र से हॉस्टल में मिलने एकंगर सराय जा रही थीं। इसी दौरान गांव के समीप उनकी साड़ी, स्कूटी के पहिए में फंस गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया। पटना में इलाज कराने के बाद परिजन उन्हें वापस घर ले आए थे। मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा जहानाबाद सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, इलाज के दौरान महिला का ब्लड प्रेशर और पल्स काफी कम हो गया। डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच और उपचार किया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हो सका। इसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के भाई चंदन कुमार ने बताया कि बबीता देवी खेती-बाड़ी कर अपने परिवार और बच्चों का पालन-पोषण करती थीं। उनके दो छोटे बच्चे हैं। मां की मौत के बाद बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। उन्होंने कहा कि परिवार के लिए यह बहुत बड़ी त्रासदी है और इस घटना से उबर पाना बेहद मुश्किल होगा। महिला की मौत के बाद पूरे गांव और परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जहानाबाद से बरूण की रिपोर्ट