बकाया मजदूरी व स्थायीकरण की मांग को लेकर रात्रि प्रहरियों व सफाईकर्मियों का प्रदर्शन

बकाया मजदूरी के भुगतान और स्थायीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को बिहार स्कूल रात्रि प्रहरी यूनियन (सम्बद्ध AIUTUC) के बैनर तले जिले के स्कूलों में कार्यरत रात्रि प्रहरियों, स्वच्छता कर्मियों और सफाईकर्मियों ने प्रदर्शन किया।

जहानाबाद : बकाया मजदूरी के भुगतान और स्थायीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को बिहार स्कूल रात्रि प्रहरी यूनियन (सम्बद्ध AIUTUC) के बैनर तले जिले के स्कूलों में कार्यरत रात्रि प्रहरियों, स्वच्छता कर्मियों और सफाईकर्मियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष उमाशंकर वर्मा और इंदु कुमारी ने किया। प्रदर्शन के बाद यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को 11 सूत्रीय मांगों से संबंधित स्मार पत्र सौंपा। 

कर्मचारियों ने कहा- लंबे समय से उनकी कई समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है

कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी कई समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में बकाया मजदूरी का शीघ्र भुगतान करने के साथ काम की स्पष्ट जिम्मेदारी तय करने की जरूरत है। स्मार पत्र में कर्मचारियों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने, मजदूरी का सीधे बैंक खाते में भुगतान करने, सुरक्षा किट उपलब्ध कराने, सामाजिक सुरक्षा, बीमा, पेंशन और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ देने की मांग की गई। इसके अलावा काम के घंटे निर्धारित करने और सवेतन अवकाश देने की भी मांग रखी गई।

प्रदर्शनकारियों ने कहा- उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा

यूनियन ने आउटसोर्सिंग और ठेका व्यवस्था समाप्त कर कर्मचारियों को स्थायी करने व कार्यस्थल पर सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की। कर्मचारियों ने कार्य से संबंधित प्रशिक्षण की व्यवस्था करने और विलीन किए गए विद्यालयों के रात्रि प्रहरियों को अन्य विद्यालयों में तत्काल समायोजित करने की मांग भी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। यूनियन ने जिला प्रशासन से कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान की अपील की।

जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट