जहानाबाद। राष्ट्रीय स्तर की अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में DAV पब्लिक स्कूल, जहानाबाद के छह खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें सभी छह खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य केके पांडेय ने घोषणा की कि गोल्ड मेडल जीतने वाले सभी खिलाड़ियों की एक साल की ट्यूशन फीस माफ की जाएगी।
प्राचार्य केके पांडेय ने कहा कि कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर चैंपियन बनना बड़ी उपलब्धि है। यह पूरे जहानाबाद के लिए गर्व की बात है। बच्चों की सफलता से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि DAV विद्यालय समूह का खेलों से पुराना जुड़ाव रहा है। यहां पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाना है। खेल में बेहतर प्रदर्शन कर मेडल जीतने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ प्रोत्साहन भी दिया जाता है। एक साल की ट्यूशन फीस माफ करने का निर्णय इसलिए लिया गया है, ताकि खेल के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं हो और वे बिना किसी परेशानी के दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
इस मौके पर एक साल पहले गोल्ड मेडल जीतने वाले दो खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन राशि के रूप में चेक दिया गया। प्राचार्य ने कहा कि DAV की विभिन्न शाखाओं से निकले कई खिलाड़ी आज देश-दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं।
वहीं, पीटी शिक्षक सुरेंद्र कुमार ने कहा कि बिहार में क्रिकेट के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ रहा है। सरकार भी खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास कर रही है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट