'मोदी हटाओ', 'शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो', NEET पेपर लीक और दिल्ली में छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन

NEET परीक्षा पेपर लीक मामले तथा दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को जहानाबाद शहर में छात्र-युवा संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 23, 2026, 5:34:00 PM

जहानाबाद। NEET परीक्षा पेपर लीक मामले तथा दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को जहानाबाद शहर में छात्र-युवा संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। अंबेडकर चौक से शुरू हुआ विरोध मार्च कारगिल चौक तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र और युवाओं ने भाग लिया।

प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने "मोदी हटाओ", "शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो", "तानाशाही नहीं चलेगी" जैसे नारे लगाते हुए NEET परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। 

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर तथा पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में शहर के अंबेडकर चौक, कारगिल चौक और अन्य प्रमुख चौक-चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। 

पुलिस लगातार गश्त करती रही और सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए रखी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। हालांकि प्रदर्शन के दौरान तीखी नारेबाजी हुई, लेकिन पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रशासन की सतर्कता और पुलिस की मौजूदगी के कारण शहर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही। प्रदर्शन के बाद छात्र संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखने की चेतावनी दी।

जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट