जहानाबाद, 1 अगस्त। आज ही के दिन, 1 अगस्त 1986 को गया जिले से अलग होकर जहानाबाद को स्वतंत्र जिले का दर्जा मिला था। जिले के 40वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता, सामाजिक सम्मान और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला पदाधिकारी छिरिड़ वाई. भूटिया के नेतृत्व में हॉस्पिटल मोड़ से अंबेडकर चौक होते हुए कारगिल चौक तक प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार, जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, स्काउट एवं गाइड के सदस्य तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता अभियान से हुई। जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्वयं झाड़ू लगाकर सड़कों की सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। अधिकारियों ने नागरिकों से अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा साफ-सफाई को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
प्रभात फेरी के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष जिला स्थापना दिवस की थीम "सम्मान" रखी गई है। उन्होंने कहा कि समाज में हर व्यक्ति को समान सम्मान मिलना चाहिए। विशेष रूप से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। समाज तभी विकसित और सशक्त बनेगा, जब सभी लोग एक-दूसरे के सम्मान और अधिकारों का आदर करेंगे।
पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने कहा कि स्वच्छता और सामाजिक सम्मान एक विकसित समाज की पहचान हैं। उन्होंने युवाओं से महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के समापन पर जिला समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य अधिकारियों ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट