जहानाबाद : मगध रेंज के आईजी विकास वैभव मंगलवार को जहानाबाद पहुंचे। यहां पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। इसके बाद पुलिस बल की ओर से उन्हें सलामी दी गई। आईजी ने पुलिस अधिकारियों के साथ कई घंटे तक समीक्षा बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग में सुधार को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में एएसपी, सभी डीएसपी, साइबर डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी, जिले के सभी थानाध्यक्ष सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
IG विकास वैभव ने अधिकारियों से जिले में अपराध की स्थिति और पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी ली
आईजी विकास वैभव ने अधिकारियों से जिले में अपराध की स्थिति और पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। साथ ही लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। बैठक के बाद आईजी विकास वैभव ने कहा कि जहानाबाद पुलिस की कार्यशैली में पहले की तुलना में काफी सुधार हुआ है। एसपी कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिस बेहतर काम कर रही है। हालांकि, पुलिसिंग को और बेहतर बनाने की जरूरत है।
पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आम लोगों को बेहतर और त्वरित सेवा उपलब्ध कराना भी है - IG
उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आम लोगों को बेहतर और त्वरित सेवा उपलब्ध कराना भी है। आईजी ने चरित्र प्रमाणपत्र, आचरण प्रमाणपत्र और अन्य सामान्य आवेदनों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे कामों के लिए लोगों को थानों और पुलिस कार्यालयों का बार-बार चक्कर नहीं लगाना पड़े। सभी आवेदनों और फाइलों का निर्धारित समय में निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
IG ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए आगामी छठ व दीपावली को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया
उन्होंने दुर्गापूजा के दौरान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए आगामी छठ और दीपावली को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और लगातार गश्ती करने को कहा, ताकि आम लोग शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मना सकें।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट