जहानाबाद: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बुधवार को जहानाबाद में हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। उंटा विद्यालय परिसर से शुरू हुई यात्रा अरवल मोड़ होते हुए गांधी मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा का नेतृत्व जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया और पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने किया।
यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने गुब्बारे आसमान में छोड़कर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य लोग, शहरवासी तथा सरकारी, निजी और गैर-सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर स्कूली बच्चे देशभक्ति के नारों के साथ पूरे उत्साह से यात्रा में शामिल हुए।
इस दौरान बच्चों ने विभिन्न आकर्षक झांकियां और प्रस्तुतियां भी दीं, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पूरे यात्रा मार्ग पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल देखने को मिला। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने यात्रा में शामिल बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों से मुलाकात की और कई बच्चों को गले लगाकर उनका हौसला बढ़ाया।
वहीं, जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने भी छात्र-छात्राओं और आम लोगों को शुभकामनाएं देते हुए हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। जिला पदाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और इसका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उंटा विद्यालय से शुरू हुई यह तिरंगा यात्रा अरवल मोड़ होते हुए गांधी मैदान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं और शहरवासियों ने तिरंगे के साथ राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट