जहानाबाद: शहर के वार्ड नंबर 23 में महिला थाना और एससी-एसटी थाना के समीप ट्रांसफार्मर के नीचे वर्षों से कूड़ा डंप किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आसपास के कई मोहल्लों का कूड़ा इसी जगह लाकर गिराया जाता है। कूड़ा अधिक जमा होने पर जेसीबी से हटाया जाता है, जिसके कारण सड़क किनारे कई फीट गहरा गड्ढा बन गया है। इससे लोगों के आवागमन में परेशानी के साथ हादसे का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर कूड़ा डंप किया जा रहा है, वहां चालू ट्रांसफार्मर लगा है। इससे आसपास के मोहल्लों और थाना परिसर में बिजली की आपूर्ति होती है। बरसात के मौसम में गीला कूड़ा और पानी जमा होने के कारण करंट फैलने की आशंका बनी रहती है। लोगों का सवाल है कि यदि कूड़ा हटाने के दौरान सफाईकर्मी या जेसीबी चालक करंट की चपेट में आ गया तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? लोगों का यह भी कहना है कि ट्रांसफार्मर के आसपास पर्याप्त सुरक्षा घेरा नहीं है। गड्ढे के कारण बरसात में पानी जमा होने की स्थिति में ट्रांसफार्मर के पोल के कमजोर होने का खतरा बना रहता है। यदि ट्रांसफार्मर गिरता है तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय निवासी संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि यहां नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर या कीटनाशक दवा का छिड़काव नहीं किया जाता है। बरसात में गीले कूड़े से दुर्गंध और मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ जाता है। वहीं रंजन कुमार ने कहा कि चालू ट्रांसफार्मर के नीचे कूड़ा डालना गंभीर लापरवाही है। जेसीबी से सफाई के दौरान तार क्षतिग्रस्त होने पर बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से स्थल का निरीक्षण कर कूड़ा डंपिंग बंद कराने, गड्ढे को भरवाने, ट्रांसफार्मर की घेराबंदी कराने तथा नियमित सफाई और कीटनाशक दवा के छिड़काव की मांग की है।
जहानाबाद से बरुन की रिपोर्ट