DM आवास पर तोड़फोड़-पथराव के बाद IG विकास वैभव पहुंचे जांच करने, कहा-किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा

NEET पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला पदाधिकारी (DM) आवास पर हुई तोड़फोड़ और पथराव की घटना को लेकर मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (IG) विकास वैभव शुक्रवार को जहानाबाद पहुंचे।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 24, 2026, 4:22:00 PM

जहानाबाद: NEET पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला पदाधिकारी (DM) आवास पर हुई तोड़फोड़ और पथराव की घटना को लेकर मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (IG) विकास वैभव शुक्रवार को जहानाबाद पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले सर्किट हाउस में जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटना की समीक्षा बैठक की। बैठक में पूरे घटनाक्रम, सुरक्षा व्यवस्था और आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

इसके बाद IG विकास वैभव सीधे DM आवास पहुंचे, जहां उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

IG ने बताया कि घटना की जांच जारी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जाएगी तथा CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। चिन्हित किए गए लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। 

उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना सभी का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन हिंसा, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट