टीबी मरीजों के बीच पोषणयुक्त खाद्य पैकेट का वितरण, छह माह तक चिन्हित मरीजों को उपलब्ध कराई जाएगी पोषण सामग्री

टीबी मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने के उद्देश्य से रेडक्रॉस सोसायटी, जहानाबाद की ओर से गुरुवार को रेडक्रॉस भवन के सभाकक्ष में करीब 50 टीबी मरीजों के बीच पोषणयुक्त मासिक खाद्य पैकेट का वितरण किया गया।

जहानाबाद: टीबी मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने के उद्देश्य से रेडक्रॉस सोसायटी, जहानाबाद की ओर से गुरुवार को रेडक्रॉस भवन के सभाकक्ष में करीब 50 टीबी मरीजों के बीच पोषणयुक्त मासिक खाद्य पैकेट का वितरण किया गया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा अनुशंसित पोषण सामग्री के आधार पर तैयार खाद्य पैकेट मरीजों को उपलब्ध कराया गया। इस पहल का उद्देश्य उपचार के साथ-साथ मरीजों को पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत हो सके और वे बीमारी से जल्द उबर सकें। 

रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार के निर्णय के तहत चिन्हित टीबी मरीजों को लगातार छह माह तक प्रत्येक महीने पोषणयुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। इसी योजना के तहत गुरुवार को करीब 50 मरीजों के बीच खाद्य किट का वितरण किया गया। सोसायटी की ओर से आने वाले महीनों में भी चिन्हित मरीजों को नियमित रूप से पोषण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने कहा कि टीबी के उपचार में नियमित दवा के साथ संतुलित और पौष्टिक आहार की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। पर्याप्त पोषण मिलने से मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर होती है तथा उन्हें संक्रमण से लड़ने और बीमारी से उबरने में मदद मिलती है। 

उन्होंने टीबी मरीजों से नियमित रूप से दवा लेने और चिकित्सकों द्वारा निर्धारित उपचार की पूरी अवधि तक दवा का कोर्स पूरा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सदर अस्पताल में टीबी की दवा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। मरीजों को समय पर जांच कराने और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार उपचार जारी रखने की जरूरत है। वहीं, रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव राज किशोर ने कहा कि सोसायटी का उद्देश्य जहानाबाद को टीबी मुक्त बनाने के प्रयास में सक्रिय भागीदारी निभाना है। इसी उद्देश्य से चिन्हित टीबी मरीजों को पोषणयुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की पहल शुरू की गई है। 

उनका कहना था कि टीबी उन्मूलन के लिए केंद्र और बिहार सरकार की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें मरीजों के उपचार के साथ उनके पोषण और समुचित देखभाल पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीबी जैसी बीमारी से लड़ने में मरीज और समाज दोनों की सहभागिता जरूरी है। मरीजों को नियमित दवा और पौष्टिक आहार के साथ चिकित्सकीय परामर्श का पालन करना चाहिए, जबकि सामाजिक संस्थाओं को भी जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सोसायटी की इस पहल से टीबी मरीजों को उपचार के साथ आवश्यक पोषण उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही, इस तरह के प्रयास से टीबी उन्मूलन अभियान को भी स्थानीय स्तर पर मजबूती मिलने की संभावना है।

जहानाबाद से बरुन की रिपोर्ट