जहानाबाद। जिले के विभिन्न इलाकों में बुधवार को गोधन पर्व पारंपरिक रीति-रिवाज और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और जीवन में आने वाली परेशानियों से रक्षा की कामना करते हुए उपवास रखा और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। शहर के अलग-अलग मोहल्लों में सुबह से ही इस पर्व को लेकर खास चहल-पहल देखने को मिली।
गोधन पूजा की परंपरा अपने आप में अनोखी है। इस दिन बहनें गाय के गोबर से जमीन पर गोधन की आकृति बनाती हैं। इसके बाद फूल, आटा और अन्य पूजन सामग्री से पूजा की जाती है। स्थानीय मान्यता के अनुसार, गोधन की आकृति भाई के शत्रुओं और उसके जीवन में आने वाली बाधाओं का प्रतीक होती है। पूजा के दौरान बहनें कांटे से प्रतीकात्मक रूप से गोधन को कूटती हैं। इसके पीछे मान्यता है कि ऐसा करने से भाई के जीवन में आने वाली विपत्तियां दूर होती हैं और उसकी रक्षा होती है।
स्थानीय महिलाओं ने बताया कि यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक है। बहनें पूरे दिन उपवास रखकर अपने भाइयों की मंगलकामना करती हैं। इस परंपरा को परिवार की बुजुर्ग महिलाओं से नई पीढ़ी की बच्चियां भी सीख रही हैं।
इस बार गोधन पूजा में छोटी बच्चियों का उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला। 10 वर्ष से कम उम्र की बच्चियों ने भी अपने भाइयों की लंबी उम्र के लिए उपवास रखा और पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना की। यह नजारा बताता है कि आधुनिकता के दौर में भी नई पीढ़ी अपनी पारंपरिक मान्यताओं और लोक संस्कृति से जुड़ी हुई है।
जहानाबाद में विभिन्न मोहल्लों में मनाए गए इस पर्व ने भाई-बहन के रिश्ते की मिठास और पारिवारिक परंपराओं की खूबसूरत तस्वीर पेश की।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट