20 लाख की अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

जहानाबाद। जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

जहानाबाद। जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घोसी थाना क्षेत्र के निरपुर में पुलिस ने नाकेबंदी कर एक ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। 

पुलिस ने शराब लदे ट्रक के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया है। वहीं, पुलिस को देखकर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कोटा किरण ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब से ट्रक के माध्यम से अंग्रेजी शराब की खेप बिहार लाई जा रही है। 

सूचना की गंभीरता को देखते हुए घोसी के थानाध्यक्ष सह डीएसपी अंकित कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने घोसी थाना क्षेत्र के निरपुर में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया तो उसका चालक मौके से फरार हो गया।

वहीं, ट्रक के पीछे चल रही क्रेटा कार में सवार दो लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की। जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद ट्रक की तलाशी ली गई, जिसमें अंग्रेजी शराब की 1719 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 1000 लीटर है।

दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं गिरफ्तार आरोपित

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान काको थाना क्षेत्र के सातनपुर गांव निवासी अजीत कुमार और कोरी थाना क्षेत्र के सरिस्ताबाद निवासी मुन्ना कुमार के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अजीत कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है, ताकि शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। 

बिहारशरीफ की घटना के पहलू पर भी जांच 

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन स्थानों पर पहुंचाने की योजना थी। इसके साथ ही बिहारशरीफ में उत्पाद विभाग के पुलिसकर्मी की हत्या की घटना के पहलू को ध्यान में रखकर भी मामले की जांच की जा रही है। यदि गिरफ्तार आरोपितों की उस घटना में संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दशहरा के मद्देनजर शराब जमा करने की आशंका पुलिस को आशंका है कि दशहरा पर्व के मद्देनजर खपाने के लिए शराब की यह खेप जमा की जा रही थी। 

हालांकि, शराब कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में शराब माफिया और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और फरार ट्रक चालक को गिरफ्तार करने में जुटी है।

जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट