टाटा नेक्सन व मोटरसाइकिल में भीषण टक्कर, 2 युवक गंभीर रूप से घायल, इलाज जारी

जमुई कटौना मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को करीब आठ से 8:15 बजे के बीच एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। टाटा नेक्सन कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जमुई : जमुई कटौना मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को करीब आठ से 8:15 बजे के बीच एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। टाटा नेक्सन कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद कार चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।

हादसा इतना जोरदार था कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा इतना जोरदार था कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने बिना देर किए दोनों घायलों को उठाकर सदर अस्पताल जमुई पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है।

घायलों की पहचान

घायल युवकों में एक की पहचान मननपुर सिवडीह निवासी धर्मेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है। धर्मेंद्र कुमार के पिता का नाम शिवनंदन यादव बताया गया है। दूसरे घायल युवक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।

पुलिस कर रही है जांच

हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से। इधर, हादसे की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम  मच गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोग अज़्प्ताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमुई कटौना मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते आ रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर गति नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट