तेज रफ्तार ADM की स्कॉर्पियो ने बाइक सवार कंपाउंडर को मारा, हालत गंभीर

जिले में शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित चकाई दौरे और अंकुर बायो टेक लिमिटेड एथेनॉल प्लांट के निरीक्षण को लेकर जिला प्रशासन की तैयारी चल रही थी।

जमुई : जिले में शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित चकाई दौरे और अंकुर बायो टेक लिमिटेड एथेनॉल प्लांट के निरीक्षण को लेकर जिला प्रशासन की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। चकाई से जमुई लौट रहे एडीएम रविकांत सिन्हा की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कटौना और मलयपुर के बीच बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार कंपाउंडर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल की पहचान मटिया निवासी मिश्री यादव के पुत्र वीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है

घायल की पहचान मटिया निवासी मिश्री यादव के पुत्र वीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वीरेंद्र डॉक्टर आरसी प्रसाद के यहां कंपाउंडर के रूप में काम करता है। बताया गया कि शाम में काम खत्म कर वह बाइक से अपने घर मटिया लौट रहा था, तभी सामने से आ रही एडीएम की स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सड़क के एक तरफ जा गिरी और वीरेंद्र दूसरी तरफ दूर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मियों ने घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। घायल के पैर में फ्रैक्चर के साथ शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और काफी खून बहने की बात परिजनों ने कही है।

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

घायल वीरेंद्र कुमार के पिता मिश्री यादव ने आरोप लगाया कि टक्कर मारने वाली स्कॉर्पियो काफी तेज रफ्तार में थी। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद इलाज में भी लापरवाही बरती गई और करीब दो घंटे बाद उनके बेटे को सदर अस्पताल लाया गया। उन्होंने सरकार और प्रशासन से बेहतर इलाज कराने और बेटे की जान बचाने की मांग की है। सदर अस्पताल में उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट