सिकंदरा (जमुई): सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। कुमार गांव के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने पूजा कर घर लौट रही दो मासूम बच्चियों को कुचल दिया। हादसे में दोनों बच्चियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान -
मृतकों की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के पंचमहुआ गांव निवासी मनोज यादव की 13 वर्षीय पुत्री सुलेखा कुमारी और संकेंद्र यादव की 16 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में चचेरी बहन बताई जा रही हैं।
पूजा कर लौट रही थीं दोनों बहनें -
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बच्चियां गांव के समीप मां नेतुला मंदिर से पूजा कर पैदल अपने घर पंचमहुआ लौट रही थीं। इसी दौरान कुमार गांव के पास तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
गांव में मातम, सड़क पर आक्रोश -
हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। दो बच्चियों की असमय मौत से पंचमहुआ गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, घर में कोहराम मचा हुआ है।
वहीं घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क पर टायर जलाकर और बांस-बल्ला लगाकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
SP खुद पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल भारी संख्या में पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुए। पुलिस मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट