जमुई : संविधान दिवस के पावन अवसर पर 215वीं बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
बटालियन के कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करते हुए संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों एवं सिद्धांतों के प्रति अपनी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समारोह के दौरान सभी अधिकारियों एवं जवानों ने भारत की संप्रभुता, एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों, न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल्यों का सम्मान करने की शपथ ली।
इस अवसर पर कमांडेंट महोदय ने सभी को संविधान के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन एवं कर्तव्य निर्वहन में आत्मसात करने तथा राष्ट्र की सेवा, सुरक्षा एवं एकता के प्रति सदैव समर्पित रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा, संवैधानिक मूल्यों एवं देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट