मरीज की आड़ में शराब तस्करी, प्राइवेट एंबुलेंस में मिला 230 लीटर बीयर

मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग के निर्देश पर रविवार सुबह उत्पाद विभाग की टीम ने गिद्धौर प्रखंड के बानाडीह के समीप कार्रवाई करते हुए एक प्राइवेट एंबुलेंस से 460 केन बीयर बरामद की है।

जमुई: जिले में शराब तस्करी का एक अनोखा मामला सामने आया है। मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग के निर्देश पर रविवार सुबह उत्पाद विभाग की टीम ने गिद्धौर प्रखंड के बानाडीह के समीप कार्रवाई करते हुए एक प्राइवेट एंबुलेंस से 460 केन बीयर बरामद की है। बरामद बीयर की कुल मात्रा 230 लीटर बताई गई है।

उत्पाद अधीक्षक के निर्देशन और उत्पाद थाना प्रभारी गौरी शंकर कुमार के नेतृत्व में एसआई अश्विनी कुमार जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध प्राइवेट एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एंबुलेंस के अंदर मरीज के बेड के नीचे बने विशेष बॉक्स से बीयर की खेप बरामद हुई। एंबुलेंस का इस्तेमाल मरीज ले जाने की आड़ में शराब परिवहन के लिए किया जा रहा था।

मामले में मौके से दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखीसराय जिले के पिटी बाजार थाना क्षेत्र के चौरा राजपुर निवासी सौरभ कुमार और रामायणपुर निवासी सत्यम कुमार के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग ने एंबुलेंस को जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी है।

जमुई से हेमंत की रिपोर्ट