जमुई : जिले के खैरा प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) में शुक्रवार की शाम अचानक दो छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गईं।
वार्डन और शिक्षकों ने आनन-फानन में दोनों को शाम 7:30 बजे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद दोनों होश में आईं और स्थिति सामान्य होने पर डॉक्टरों ने डिस्चार्ज कर दिया।
बेहोश हुई छात्राओं की पहचान खैरा के बरदौन गांव निवासी राजो मरांडी की 12 वर्षीय पुत्री सविता मरांडी और तालो मरांडी की 14 वर्षीय पुत्री सुनीता मरांडी के रूप में हुई है। सविता 7वीं तो सुनीता 9वीं कक्षा की छात्रा है।
सविता ने बताया कि शाम में नाश्ता करने के बाद सब ठीक था, लेकिन अचानक पेट में तेज दर्द उठा, चक्कर जैसा लगा और दोनों बेहोश होकर गिर गईं।
सूचना पर अस्पताल में छात्राओं के परिजन भी पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल दोनों छात्राओं की हालत खतरे से बाहर है। नाश्ते से तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट