जमुई : शहर की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए सोमवार की सुबह डीएम आवास के सामने आरजेडी कार्यालय के पीछे वाली गली में बाइक सवार उचक्कों ने पूजा कर लौट रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
घटना सुबह करीब 8:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार महिला मंदिर से पूजा कर पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपटी और तेजी से निकल गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन तब तक उचक्के फरार हो चुके थे।
दिनदहाड़े डीएम आवास के पास हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों का कहना है कि शहर में बेखौफ अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस गश्त न के बराबर है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया है। पीड़ित महिला के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस बाइक सवार उचक्कों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट